25/12/2025
नेशनल टीम चैंपियनशिप 2025 में हरियाणा के बैडमिंटन खिलाड़ियों का बेहतरीन प्रदर्शन।
- हरियाणा की महिला टीम ने स्वर्ण और पुरुष टीम ने रजत पदक जीता।
- महिला टीम को दस लाख तथा पुरुष टीम को पांच लाख रुपये देगी हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन ।
रोहतक, 24 दिसंबर। विभिन्न खेलों में पूरे देश में एक विशिष्ट स्थान रखने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों ने अब बैडमिंटन में भी देश भर में धाक जमा दी है। हरियाणा की पुरुष व महिला बैडमिंटन टीमों ने विजयवाड़ा में आयोजित नेशनल टीम चैंपियनशिप 2025 में बेहतरीन खेल प्रदर्शन करते हुए ऐतिहासिक जीत हासिल की है।
हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन के महासचिव अजय सिंघानिया ने बताया कि हरियाणा की महिला बैडमिंटन टीम ने फाइनल मुकाबले में मेजबान आंध्र प्रदेश को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। वहीं, पुरुष टीम ने भी तमिलनाडु के साथ कड़ा मुकाबला करते हुए इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में रजत पदक जीता है।
हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन (एचबीए) के प्रधान देवेंद्र सिंह (सेवानिवृत आईएएस) तथा महासचिव अजय सिंघानिया ने इस बेमिसाल कामयाबी पर सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने एचबीए की ओर से स्वर्ण पदक विजेता महिला टीम को दस लाख तथा रजत पदक विजेता पुरुष टीम को पांच लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि हमारे खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते आज अंडर-11 से लेकर सीनियर और मास्टर्स वर्ग में हरियाणा के पदक हैं।
सिंघानिया ने बताया कि महिला टीम में उन्नति हुड्डा, अनमोल खरब, देविका सिहाग, गरिमा कुंडू, सान्वी अनेजा, अपूर्वा, साक्षी गहलावत, इशु मलिक, तन्नू मलिक और रिधि कौर तूर शामिल हैं। वहीं, पुरुषों की टीम में गगन, मनराज सिंह, गौतम अरोड़ा, मानव चौधरी, भारत राघव, आर्यन सप्पिया, मयंक राणा, आर्यन हुड्डा, पंकज और दिशांत अहलावत शामिल हैं। हरियाणा टीम के कोच रवि सिंगला है।