11/01/2026
#भवानी_सिंह_मेमोरियल_अंतरराज्यीय_क्रिकेट_टूर्नामेंट_का_शानदार_आगाज़
उद्घाटन मुकाबले में हीरो क्लब डिहरिया ने आरसीसी रेहला को 9 विकेट से दी करारी शिकस्त
लिग चरण का दूसरा नॉकआउट मुकाबला तोहिद-11 वर्सेस रुद्रा-11 के बीच खेला जाएगा
* खेल प्रेमियों के लिए रविवार का दिन खास रहा, जब भवानी सिंह मेमोरियल अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट (सीजन-8) का भव्य शुभारंभ जेबी हाई स्कूल रेहला मैदान में हुआ। उद्घाटन मुकाबले में हीरो क्लब डिहरिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आरसीसी रेहला को नॉकआउट मैच में 9 विकेट से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीसी रेहला की टीम महज 62 रन बनाकर 12वें ओवर में ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हीरो क्लब डिहरिया की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 8 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। डिहरिया टीम के कप्तान गोल्डेन ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 11 रन देकर 6 विकेट झटके, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
इस हार के साथ ही आरसीसी रेहला की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई, जबकि डिहरिया ने जीत के साथ आगे का टिकट कटाया।
इससे पूर्व अतिथियों रविवार दोपहर 12:30 बजे टूर्नामेंट का उद्घाटन दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में युवा समाजसेवी बबलू सिंह, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुधीर चंद्रवंशी, समाजसेवी प्रभात कुमार दुबे, पुलिस इंस्पेक्टर रामाशीष पासवान सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर बॉल हिट कर मैच का शुभारंभ कराया।
इस दौरान पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। भवानी सिंह मेमोरियल जैसे अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट से क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पहचान और बेहतर मंच मिलता है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन से ग्रामीण प्रतिभाएं निखरकर सामने आती हैं और युवा राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रेरित होते हैं।
युवा समाजसेवी बबलू सिंह ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता सिखाती हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट युवाओं को नशा और गलत दिशा से दूर रखकर सकारात्मक मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
समाजसेवी प्रभात कुमार दुबे ने कहा कि खेल आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। इस तरह के मंच से विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ी आपसी भाईचारे के साथ खेलते हैं, जिससे आपसी सौहार्द और खेल भावना का विकास होता है।
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुधीर चंद्रवंशी
सुधीर चंद्रवंशी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल के माध्यम से आज करियर की असीम संभावनाएं हैं। जरूरत है निरंतर अभ्यास, मेहनत और सही मार्गदर्शन की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्र की पहचान को राज्य स्तर पर मजबूत करते हैं।
टूर्नामेंट के संरक्षक संजू सिंह ने कहा कि आयोजन समिति का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी इस तरह के खेल आयोजनों को और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
अंत में सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए टूर्नामेंट के सफल आयोजन की कामना की।
सोमवार को अगला मुकाबला :-
सोमवार को लीग चरण का दूसरा नॉकआउट मुकाबला तौहिद-11 बनाम रुद्रा-11 के बीच सुबह 11:30 बजे से खेला जाएगा।
सफल आयोजन में इनकी रही भूमिका :-
मैच में अंपायरिंग रविशंकर चौबे और बब्लू सिंह ने की, जबकि स्कोरर की भूमिका गुड्डू प्रसाद गुप्ता और उद्घोषक की भूमिका चंद्रमणि दीक्षित ने निभाई। आयोजन को सफल बनाने में लल्टू सिंह, अंकुर सिंह, पप्पू सिंट, गप्पू सिंह, संतोष गुप्ता, प्रिंस केसरी सहित कई कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कुल मिलाकर यह टूर्नामेंट न सिर्फ क्रिकेट का रोमांच बढ़ा रहा है, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के सपनों को भी नई उड़ान दे रहा है।