14/08/2026
चक्रधर क्लब बैडमिंटन प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ, खिलाड़ियों में दिखा उत्साह
रायगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली चक्रधर क्लब बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ 14 अगस्त को रायगढ़ के चक्रधर क्लब में हुआ। रायगढ़ जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष , चक्रधर क्लब के प्रबंधक एवं बैडमिंटन प्रशिक्षक अकरम खान ने बताया कि तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता 14 से 16 अगस्त तक आयोजित की जा रही है।
प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के अंडर-9, अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15 एवं अंडर-17 आयु वर्ग के एकल मुकाबले खेले जा रहे हैं। पहले दिन खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। युवा खिलाड़ियों ने पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरकर शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करना और उन्हें आगामी जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। विशेष रूप से अंडर-15 एवं अंडर-17 वर्ग के खिलाड़ियों के लिए यह प्रतियोगिता महत्वपूर्ण है, क्योंकि आगामी राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन रायगढ़ में ही किया जाएगा।
राज्य प्रतियोगिता को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ी इन दिनों कड़ी मेहनत कर रहे हैं। नियमित अभ्यास, फिटनेस, फुटवर्क और तकनीकी प्रशिक्षण के माध्यम से खिलाड़ी अपनी तैयारियों को मजबूत कर रहे हैं। प्रशिक्षकों द्वारा भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन और उनकी कमजोरियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
चक्रधर क्लब में आयोजित यह प्रतियोगिता रायगढ़ की युवा बैडमिंटन प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रही है। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में रोमांच और प्रतिस्पर्धा और बढ़ने की उम्मीद है।