16/05/2026
क्या प्रशासन का काम सिर्फ टैक्स वसूलना है, सफाई करना नहीं? 😡
जिला स्तरीय महासू मेला संपन्न हुए आज 10 से 11 दिन का समय बीत चुका है। मेले के दौरान बारिश होने के बावजूद प्रशासन ने व्यापारियों से टैक्स वसूलने में तो पूरी मुस्तैदी दिखाई और खूब टैक्स लिया, लेकिन अफ़सोस की बात है कि मेला खत्म होते ही मंदिर परिसर को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया। इतने दिनों तक पूरे परिसर में गंदगी का साम्राज्य रहा, जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का वहाँ चलना-फिरना तक दूभर हो गया था। प्रशासन की इस घोर लापरवाही को देखकर यह बड़ा सवाल उठता है कि क्या प्रशासन का फर्ज़ सिर्फ टैक्स वसूलना ही है, सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई पर ध्यान देना नहीं?
जब प्रशासन इस व्यवस्था से पूरी तरह आंखें मूंदे रहा, तब ग्राम पंचायत महासू के पूर्व प्रधान श्री मंजीव चौहान जी ने जनता की इस परेशानी को समझा। प्रशासन के भरोसे न बैठकर उन्होंने अपने निजी खर्च पर पूरे मेला स्थल की साफ-सफाई का बीड़ा उठाया और 4-5 मजदूर लगाकर पूरे परिसर व आस-पास के क्षेत्र को पूरी तरह से साफ-सुथरा करवाया। मंजीव चौहान जी का यह कदम सच में तारीफ के काबिल है, जिन्होंने साबित कर दिया कि पद पर रहें या न रहें, जनता की सेवा का जज्बा कभी कम नहीं होता। पूरे क्षेत्र की जनता इस सराहनीय कार्य के लिए उनका दिल से आभार व्यक्त करती है और प्रशासन से उम्मीद करती है कि वे केवल टैक्स वसूलने में नहीं, बल्कि अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में भी ऐसी ही मुस्तैदी दिखाएं।