22/08/2026
-राजस्थान अंडर-19 क्रिकेट चैंपियनशिप में कोटा की शानदार जीत, नागौर को 7 विकेट से हराया
राजस्थान क्रिकेट संघ के तत्वावधान में जयपुर में आयोजित की जा रही राजस्थान स्टेट अंडर-19 क्रिकेट चैंपियनशिप 2026-27 के लीग मुकाबले में कोटा अंडर-19 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नागौर को 7 विकेट से पराजित किया।
कोटा जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि जयपुर के केएल सैनी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में नागौर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर में 147 रन बनाए। जवाब में कोटा ने 30.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 149 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम किया। नागौर की ओर से आदित्य दाधीच ने सर्वाधिक 85 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन कोटा के गेंदबाजों के प्रभावी प्रदर्शन के सामने पूरी टीम 147 रन पर ऑलआउट हो गई। नागौर की पारी को समेटने में कोटा के गेंदबाज आशीष रावल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने 9 ओवर में मात्र 33 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। यश भार्गव ने 8 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट तथा एकांश शर्मा ने 8 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट लिए। बिट्टू कुमार ने भी एक विकेट हासिल किया।
भूपेंद्र रायका की शानदार पारी से कोटा की आसान जीत। 148 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोटा की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। भूपेंद्र रायका ने नाबाद 38 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। इसके साथ ही अजय डाबी ने 41 रन, कप्तान शिवराज ने 35 रन तथा विशाल रावत ने 15 रन का योगदान दिया। कोटा ने 30.3 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाकर 7 विकेट से मुकाबला जीत लिया। इस मुकाबले में आशीष रावल प्लेयर ऑफ़ द मैच रहे। मैच के दौरान टीम कोच रणवीर सिंह, मैनेजर दर्शन सिंह तथा टीम फिजियो डॉ लक्षित गौड़ मौजूद रहे। मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि कोटा टीम में शिवराज (कप्तान), अमन प्रजापति(उप कप्तान), आशीष यादव, भूपेंद्र रायका, आराध्य अग्रवाल, एकांश शर्मा, बिट्टू कुमार, अजय डाबी, शौर्य सिंह चौहान, यश भार्गव, आशीष रावल, विशाल रावत, कुशाग्र वैरागी, कलश गुप्ता, राजवेंद्र सिंह, श्रेयांश, निलय अरोड़ा, तनिश लश्कर, युग पारेता एवं परमेन्द्र सिंह को शामिल किया गया है।
Manoj Sharma Kota District Cricket Asso