02/09/2026
क्रीड़ा भारती की 6वीं ऑनलाइन क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा 6 सितंबर को
जयपुर। खेलों के प्रति जागरूकता एवं रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से क्रीड़ा भारती द्वारा 6वीं ऑनलाइन क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा (Kreeda Gyan Pariksha-2026) का आयोजन रविवार, 6 सितंबर 2026 को किया जाएगा। परीक्षा में देशभर के खिलाड़ी, विद्यार्थी, अभिभावक एवं खेलप्रेमी ऑनलाइन भाग ले सकेंगे।
परीक्षा में न्यूनतम आयु 12 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रतिभागी कंप्यूटर, मोबाइल अथवा टैबलेट के माध्यम से परीक्षा दे सकेंगे। परीक्षा की अवधि 20 मिनट होगी, जिसमें कुल 50 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रतिभागी अपनी सुविधा के अनुसार प्रातः 5:00 बजे से शाम 5:00 बजे के बीच लॉग-इन कर परीक्षा दे सकेंगे। खेल जागरूकता के लिए प्रतिभागियों से ₹20 मात्र का योगदान निर्धारित किया गया है।
पंजीकरण के लिए प्रतिभागी www.kreedabharatikgp.org पर जाकर 4 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। व्यक्तिगत पंजीकरण के साथ-साथ परिवार, मित्रों अथवा विद्यार्थियों के समूह के लिए Group Registration तथा क्रीड़ा भारती के प्रतिनिधि के माध्यम से Bulk Registration की सुविधा भी उपलब्ध है। पंजीकरण में दर्ज नाम आधार कार्ड के रिकॉर्ड के अनुसार होना आवश्यक है।
आकर्षक पुरस्कार
क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं।
- प्रथम पुरस्कार: ₹1,00,000 — 1 पुरस्कार
- द्वितीय पुरस्कार: ₹50,000 — 2 पुरस्कार
- तृतीय पुरस्कार: ₹25,000 — 6 पुरस्कार
- चतुर्थ पुरस्कार: ₹11,000 — 11 पुरस्कार
चतुर्थ पुरस्कार संगठन के 11 क्षेत्रों में एक-एक प्रदान किया जाएगा। पुरस्कारों का प्रायोजन चैतन्य कुमार कश्यप फाउंडेशन द्वारा किया गया है। पुरस्कारों के लिए 12 से 25 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागी पात्र होंगे।
परीक्षा की मार्कशीट एवं प्रमाणपत्र अगले दिन शाम 4 बजे के बाद डाउनलोड किए जा सकेंगे। आयोजकों ने अधिक से अधिक खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से इस ऑनलाइन परीक्षा में भाग लेकर खेलों के प्रति अपने ज्ञान और जागरूकता को बढ़ाने का आह्वान किया है।
ऑनलाइन पंजीकरण: www.kreedabharatikgp.org