01/06/2026
ॐ महिला महासम्मेलन एवं योग सेमिनार का भव्य आयोजन सम्पन्न
शनिवार, 31 मई को हंसध्वनि सभागार, रवींद्र भवन में पतंजलि महिला योग समिति, मध्य प्रदेश द्वारा भव्य महिला महासम्मेलन एवं योग सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ योग ऋषि स्वामी रामदेव जी के आशीर्वचनों के साथ हुआ।
स्वामी रामदेव जी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महासम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान तनावपूर्ण वातावरण में महिलाओं को स्वस्थ रहने तथा परिवार को स्वस्थ रखने के लिए योग की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने पतंजलि योगपीठ की असाधारण सफलता का रहस्य बताते हुए कहा कि अखंड एवं प्रचंड पुरुषार्थ, दूरदृष्टि तथा विकल्परहित संकल्प के माध्यम से बड़े से बड़े लक्ष्य को भी प्राप्त किया जा सकता है।
प्रदेश के 30 जिलों से आए महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों से खचाखच भरे सभागार को संबोधित करते हुए स्वामी जी ने पतंजलि महिला योग समिति के कार्यों की सराहना की तथा सभी को गुरूनिष्ठ एवं राष्ट्रनिष्ठ होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि साध्वी डॉ. देवप्रिया, मुख्य केंद्रीय प्रभारी, पतंजलि महिला योग समिति ने “मनुष्य के सर्वांगीण विकास में योग की भूमिका” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि योग मनुष्य के जीवन के सभी आयामों — शरीर, मन, इंद्रियों एवं आत्मा — पर सकारात्मक प्रभाव डालता है। महिलाओं को परिवार की धुरी बताते हुए उन्होंने कहा कि योग महिलाओं की शारीरिक एवं मानसिक क्षमता में वृद्धि करता है तथा वे संस्कारित एवं श्रेष्ठ पीढ़ी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
साध्वी डॉ. देवप्रिया ने कहा कि अष्टांग योग के यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान एवं समाधि का नियमित, निरंतर और श्रद्धापूर्वक अभ्यास करने से योग में सिद्धि प्राप्त होती है।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित भारतीय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. एन. पी. सिंह ने अपने उद्बोधन में भारतीय शिक्षा बोर्ड के पाठ्यक्रम तथा वर्तमान शिक्षा प्रणाली की तुलना करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि हम अपनी स्वदेशी शिक्षा प्रणाली पर गंभीरता से विचार करें, जिससे वेद, उपनिषद, गीता और रामायण में निहित जीवन मूल्यों तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण का समावेश किया जा सके।
उन्होंने कहा कि विश्व के अनेक विकसित देशों में अपनी मातृभाषा और स्वदेशी शिक्षा प्रणाली को प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने बताया कि भारतीय शिक्षा बोर्ड भारत सरकार द्वारा स्थापित बोर्ड है, जो सीबीएसई के समकक्ष है तथा दोनों बोर्डों के विद्यार्थियों को परस्पर स्थानांतरण की सुविधा प्राप्त है।
इस अवसर पर कार्यक्रम की आयोजक एवं पतंजलि महिला योग समिति की राज्य प्रभारी डॉ. पुष्पांजली ने कहा कि आज का दिन अत्यंत सौभाग्य का दिन है, जब योग से जुड़ी अनेक पवित्र आत्माएं झीलों की नगरी भोपाल में एकत्रित हुई हैं।
इस अवसर पर प्रकाश आर्य, प्रधान मध्यभारतीय आर्य प्रतिनिधि सभा तथा हरिद्वार से पधारी साध्वी देव अदिति जी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। पूज्य स्वामी ऋतस्पति जी ने आशीर्वचन प्रदान किए।
अंत में भारत स्वाभिमान के राज्य प्रभारी करण सिंह पवार ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।