11/02/2026
चौपाल में HPCA द्वारा संचालित क्रिकेट एकेडमी के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू
चौपाल:
चौपाल के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) द्वारा चौपाल में संचालित क्रिकेट एकेडमी के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू कर दी गई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए शिमला जिला क्रिकेट एसोसिएशन (SDCA) के अध्यक्ष श्री सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि इस एकेडमी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी हुई क्रिकेट प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें बेहतर, व्यवस्थित और पेशेवर प्रशिक्षण प्रदान करना है, ताकि वे आगे चलकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
उन्होंने बताया कि इस क्रिकेट एकेडमी की सबसे सराहनीय विशेषता यह है कि लड़कियों तथा गरीब व पिछड़े तबके से आने वाले बच्चों के लिए क्रिकेट प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क रहेगा, जिससे आर्थिक कठिनाइयाँ किसी भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी की प्रगति में बाधा न बनें।
एकेडमी में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क ₹1000 निर्धारित किया गया है, जबकि त्रैमासिक प्रशिक्षण शुल्क ₹1200 रखा गया है। प्रवेश हेतु खिलाड़ियों की आयु सीमा 10 से 19 वर्ष निर्धारित की गई है।
एकेडमी में अनुभवी एवं पेशेवर प्रशिक्षकों द्वारा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से खिलाड़ियों को बल्लेबाज़ी, गेंदबाज़ी, फील्डिंग, साथ ही फिटनेस और अनुशासन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे खिलाड़ियों के खेल कौशल के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
चौपाल क्रिकेट एकेडमी के रजिस्ट्रेशन से संबंधित अधिक जानकारी अथवा आवेदन के लिए इच्छुक खिलाड़ी SDCA के सदस्य श्री पंकज नेगी से उनके मोबाइल नंबर 98162-24007 पर संपर्क कर सकते हैं।