13/01/2026
रक्सौल के कराटे खिलाड़ियों ने इंटरनेशनल चैंपियनशिप में लहराया परचम
रक्सौल। बीते दिनों झारखंड की राजधानी राँची स्थित खेलगाँव में आयोजित इंटरनेशनल फुल कॉन्टैक्ट कराटे चैंपियनशिप में कराटे एकेडमी रक्सौल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत, नेपाल, बांग्लादेश, भूटान, तिब्बत, चीन, जापान, लीबिया एवं फिलीपींस जैसे देशों के खिलाड़ी शामिल थे।
उल्लेखनीय है कि यह चैंपियनशिप ऑल इंडिया क्योकुशिन काई कराटे फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित हुई, जिसे वर्ल्ड क्योकुशिन काई फेडरेशन, जापान से मान्यता प्राप्त है। विदेशी खिलाड़ियों की कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद रक्सौल के बच्चों ने विभिन्न आयु व केटेगरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कई पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में लड़कियों के वर्ग में शालिका साम्या (पुत्री सैफुल्लाह खान) ने सिल्वर मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया। वहीं ब्लू केटेगरी में अनिकेत राज (पुत्र श्रवण कुमार) ने गोल्ड मेडल और ऑरेंज केटेगरी में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया। नवम–दशम आयु वर्ग में आदर्श राज (पुत्र श्रवण कुमार) ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि तेरह–चौदह आयु वर्ग में ऋषि राज (पुत्र श्यामा प्रसाद) ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
इसके अलावा अन्य खिलाड़ियों ने भी पदक जीतकर एकेडमी की उपलब्धियों में चार चांद लगाए।
पदक विजेताओं की सूची इस प्रकार है—
गोल्ड मेडल: अनिकेत राज, आदर्श राज, सुल्तान अंसारी
सिल्वर मेडल: शालिका साम्या, सौम्या कुमारी, सलमान मियां
ब्रॉन्ज मेडल: ऋषि राज, तनीश्वस्तु, आस्था आर्य, आर्यन कुमार, आरोही कुमारी
कराटे एकेडमी रक्सौल के निदेशक राजन कुमार ने बच्चों के इस असाधारण प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर यह सफलता हासिल की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी बच्चे इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रक्सौल और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।