19/06/2026
बांका कप नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में हेलो फ्रेंड्स मुंगेर का जलवा, फाइनल में महादेव क्रिकेट क्लब बांका को हराकर बनी चैंपियन
बांका के आरएमके ग्राउंड पर खेले गए बांका कप नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में हेलो फ्रेंड्स मुंगेर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महादेव क्रिकेट क्लब बांका को 38 रनों से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
इससे पहले दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में हेलो फ्रेंड्स मुंगेर ने मजबूत टीम विक्रमशिला को 34 रनों से मात देकर फाइनल में जगह बनाई थी, जिसमें रॉबिन को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हेलो फ्रेंड्स मुंगेर की टीम ने गोलू जेडी की धमाकेदार 57 रनों की पारी के दम पर 6 ओवर में 5 विकेट खोकर 85 रनों का लक्ष्य खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी महादेव क्रिकेट क्लब बांका की टीम 8 विकेट खोकर सिर्फ 54 रन ही बना सकी। बांका की ओर से मनीष यादव ने 36 रनों की शानदार पारी खेली।
मुंगेर की ओर से आफताब लेफ्टी ने 3 विकेट, विकास पटेल ने 2 विकेट, निराला और अमृत ने 1-1 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
विजेता हेलो फ्रेंड्स मुंगेर को 51 हजार रुपये कैश प्राइज और विजेता ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता महादेव क्रिकेट क्लब बांका को 31 हजार रुपये कैश प्राइज और ट्रॉफी दी गई।
टूर्नामेंट के मेन ऑफ द सीरीज और बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार बांका के उभरते ऑलराउंडर मनीष यादव को दिया गया। वहीं बेस्ट बॉलर का अवॉर्ड हेलो फ्रेंड्स मुंगेर के आफताब लेफ्टी ने अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले के मैन ऑफ द मैच गोलू जेडी रहे।
हेलो फ्रेंड्स मुंगेर की इस शानदार जीत ने बांका कप नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट को यादगार बना दिया।