05/06/2025
RCB किंग विराट कोहली– एक नाम, एक जुनून, और एक ऐसी कहानी जो सिर्फ क्रिकेट नहीं, इंसान की जिद, जज़्बा और वफ़ादारी की मिसाल है। RCB के लिए 18 साल तक खेले। न जाने कितनी सुबहें सिर्फ एक ख्वाब के साथ शुरू हुईं – IPL ट्रॉफी। हर बार उम्मीद लेकर उतरे, हर बार सब कुछ झोंक दिया – लेकिन हर बार किस्मत ने कुछ न कुछ छीन लिया।
2016 – जब विराट ने IPL के एक सीज़न में 973 रन बनाकर इतिहास रच दिया था, तब भी ट्रॉफी उनसे दूर रह गई। एक ही फ्रेंचाइज़ी के लिए सबसे ज़्यादा मैच खेलने और सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी का नाम आज भी विराट कोहली है।
लेकिन ये आँकड़े भी उनका दर्द कम नहीं कर सके। साल दर साल जब RCB ट्रॉफी से दूर रही, तो लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए। “विराट की वजह से टीम नहीं जीतती।” “उसका एग्रेसन टीम को नुकसान पहुंचा रहा है।” उसके जज़्बे, उसके इमोशन, उसकी वफ़ादारी का मज़ाक उड़ाया गया।
कई खिलाड़ी टीम बदलते रहे, फ्रेंचाइज़ियाँ छोड़ते रहे – लेकिन विराट आरसीबी के साथ डटे रहे। कहा – “इस टीम ने मुझे तब चुना था जब मुझे कोई नहीं जानता था। अब मैं इसे कैसे छोड़ दूं?” वक़्त बदला, साल बदले, पर विराट की उम्मीद नहीं बदली। और आज… आरसीबी चैंपियन बन गई है।
ये सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, ये 18 साल के पसीने, तकलीफ़ों, आँसुओं और भरोसे का इनाम है। जो सपना विराट ने उस दिन देखा था जब उन्होंने पहली बार आरसीबी की जर्सी पहनी थी – आज वो सपना पूरा हो गया। लोगों की नफ़रतें, आलोचनाएँ और तंज पीछे छूट गए… क्योंकि कल जब आरसीबी ने ट्रॉफी उठाई, तो पूरे हिंदुस्तान ने सिर्फ एक ही नाम पुकारा – विराट कोहली। और सच कहें – ये जीत सिर्फ आरसीबी की नहीं, ये जीत उस हर इंसान की है जो हार के बाद भी उम्मीद नहीं छोड़ता।
आज लग रहा है जैसे विराट ने वाकई वर्ल्ड कप जीत लिया हो। और शायद इससे भी बड़ी बात ये है – जिस विराट को कभी अकेला छोड़ा गया था, आज उसके लिए पूरा देश दुआ कर रहा था। और वो दुआ कबूल हो गई।