19/03/2023
उड़ान-3 देवघर रनाथन अभूतपूर्व रूप से सफलता के साथ संपन्न
देवघर रनाथन ने लिया राष्ट्रीय प्रतियोगिता का स्वरूप - झारखण्ड, बिहार, यूपी और बंगाल से आए प्रतिभागी
सांसद खेल महोत्सव से इम्पावर्ड उड़ान-3 को मिला देवघर के कई एक संस्थाओं का सक्रिय सहयोग
रोटरी क्लब देवघर और इनर व्हील क्लब देवघर द्वारा आयोजित और सांसद निशिकांत दुबे द्वारा इम्पावर्ड देवघर रनाथन का अभूतपूर्व सफल आयोजन आज सुबह सम्पन्न हुआ। रामकृष्ण मिशन का विशाल मैदान सांसद खेल महोत्सव - रनाथन के प्रतिभागियों से खचाखच भरे हुए थे। आज प्रातः 6.45 बजे रामकृष्ण मिशन के मुख्य गेट के सामने सांसद डॉ. निशिकांत दुबे एवं उनकी पत्नी श्रीमती अन्नु कांत दुबे ने पहले पुरुषों और उसके बाद महिलाओं के रनाथन (मैराथन दौड़) को हरी झंडी दिखा कर फायर ब्लास्ट के साथ रवाना किया। इस अवसर पर उनके साथ एम्स देवघर के निदेशक डॉ. सौरभ वार्ष्णेय, देवघर एयरपोर्ट के डायरेक्टर श्री संदीप ढींगरा, एसबीआई के डीजीएम श्री बी आर आचार्य, रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ के प्राचार्य स्वामी दिव्यसुधानंद जी महाराज और डालमिया सीमेंट के झारखण्ड सेल्स हेड श्री समीर एरिक लॉरेंस विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। डालमिया सीमेंट उड़ान-3 कार्यक्रम के टाइटल प्रायोजक थे। दोनों वर्गों में 10 से 12 हजार के आसपास धावक देवघर रनाथन में दौड़े। सभी प्रतिभागी जब आकर्षक टीशर्ट में देवघर की सड़कों पर दौड़े तो एक खुशनुमा माहौल और अद्भुत नजारा देखने को मिला। पूर्वी क्षेत्रीय संस्कृति केन्द्र (संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार) के कलाकारों ने तो मैराथन मार्ग में 20 स्थानों पर लोक संस्कृति और नृत्य प्रस्तुत कर देवघर को महोत्सव के रंगों में रंग दिया और विश्वगुरू भारत तथा जी-20 की चमक बिखरती दिखी। आरंभिक स्थल रामकृष्ण मिशन में कोलकाता से आए कलाकार और स्थानीय डॉल्फिन डांस एकडेमी और मीरा-डी के कलाकारों ने जुम्बा डांस और अन्य वार्मअप नृत्यों से दौड़ शुरू होने से पूर्व आयोजन स्थल पर सभी प्रतिभागियों को उत्साहित बनाए हुए थे। देवघर के लोगों और विभिन्न संस्थाओं ने 20 से भी ज्यादा स्थानों पर उत्साहित अंदाज में धावकों को पानी, जूस, च्विंगम, बिस्कुट आदि देकर उनका हौसला अफजाई कर रहे थे। जब लोगों ने सड़कों पर दौड़ना शुरू किया तो पूरा देवघर शहर महोत्सव मानता नजर आया।
पुरुष वर्ग के दौड़ में प्रथम 12 स्थानों पर आए धावकों ने लगभग 30 से 40 मिनट के अंदर 10.5 किमी की दौड़ पूरी कर ली। रनाथन के परिणाम से इस दौड़ का राष्ट्रीय स्वरूप नजर आया क्योंकि उस मैराथन में 4 राज्यों के प्रतिभागी दौड़े। पुरुष वर्ग के परिणाम इस प्रकार रहे -
पहले स्थान पर आए अनुपम महतो, खड़गपुर (प. बंगाल) ने प्रथम पुरस्कार 20 हजार रुपये और आकर्षक ट्रॉफी प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर गिरिडीह के पवन कुमार सिंह ने 15 हजार रुपए जबकि तीसरे स्थान पर बैरकपुर (प. बंगाल) के ऋषिकेश चक्रबर्ती ने 10 हजार रुपए और आकर्षक ट्रॉफी प्राप्त किया। वहीं 7 अन्य को 5-5 हजार रुपए का पुरस्कार और ट्रॉफी मिला जिनके नाम हैं - दीपक कुमार महतो, हजारीबाग, टिंकू कुमार आर्यन, जमुई, संतोष कुमार, जामताड़ा, सुलभ चन्द्र, बलिया (यूपी), जानकी कुमार साह, देवघर और श्यामदेव चोरें, गोड्डा।
दूसरी ओर महिला वर्ग की विजेता धावकों ने 5.5 किमी की दूरी 25 से 40 मिनट में पूरी कर ली। महिला वर्ग में प्रथम - संघमित्रा मेहता, गिरिडीह, द्वितीय - श्यामली सिंह, रानीगंज, तृतीय - मनाली सिंह, करों, देवघर रहे जबकि 7 अन्य विजेता रहे क्रमशः नेहा यादव, बलिया (यूपी), अनिता दास, मैथन, आशा कुमारी, चतरा, स्नेहा यादव, बलिया (यूपी), सवीना खातुन, कोलकाता, एकता गुप्ता, रानीगंज और ज्योति राजभर, बलिया (यूपी)।
आज की रनाथन में भाग ले रहे प्रथम 10 प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि निशिकांत दुबे और उनकी पत्नी अन्नु कांत दुबे तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों ने पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान किया जबकि आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट प्रदान किया। पुरस्कार वितरण समारोह से पूर्व इज़ेडसीसी के बंगाल, बिहार, असम, उड़ीसा और झारखण्ड के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक एडवेंचर कलाओं से सबका मन मोह लिया, दर्शक उनकी अद्भुत और साहसिक कलाओं को देख दांतों तले अंगुली दबाते दिखे। कार्यक्रम के अंत में विशेष सहयोग के लिए डालमिया सीमेंट, आर के मिशन, एसबीआई को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में टीम लीडर सारिका साह, आनंद साह, पीयूष जायसवाल, शेषाद्रि दुबे के साथ रोटरी क्लब देवघर के सभी सदस्य, इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल और उनके सभी सदस्य, युवा मोर्चा के अभय आनंद झा और उनकी टीम, संप चैम्बर के अध्यक्ष आलोक मल्लिक, हरि किशोर सिंह, देवता पांडेय, पिंटू तिवारी, मुकेश पाठक बीरेन्द्र कुमार सिंह और उनके जी ग्रुप के सदस्य, बिपिन मिश्रा, शिवा फाउंडेशन के अध्यक्ष शशि शेखर जोशी और उनकी टीम, डॉलफिन डांस के अजित केशरी और उनकी टीम, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रेम कुमार, एस डी मिश्रा सहित कोर कमिटी के सभी लोग लगे रहे। आयोजकों ने कार्यक्रम के सभी सहयोगियों की प्रशंसा करते हुए हार्दिक आभार प्रकट किया। फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और सोशल मीडिया प्रेजेंटेशन में सहयोग के लिए चन्द्रा फिल्मस स्टूडियो, फोटोकिक्स और एम-2 स्टूडियो को आयोजकों ने विशेष रुप से धन्यवाद ज्ञापित किया है और कहा कि इनके सहयोग से ही उड़ान-3 देवघर रनाथन के क्लिप्स सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचेगी और रेकॉर्डिंग में यादगार के तौर पर कैद रहेगी।
कार्यक्रम के प्रणेता व मुख्य अतिथि लोकप्रिय सांसद निशिकांत दुबे ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों के उत्साहवर्द्धन करते हुए सबके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दी और कहा कि आज आप जीत रहे हो या हार रहे हो वह मायने नहीं रखता, बल्कि आप प्रयास कर रहे हो वह बड़े मायने रखता है। विश्व और भारत के सभी बड़े और सफल लोगों ने भी अपनी शुरुआत आपकी तरह ही संघर्ष और लगातार प्रयास से ही प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि हमारा देवघर तेजी से भारत के बड़े और आकर्षक शहरों में से एक होने की ओर अग्रसर है। आज देवघर में सभी सुविधाएं उपलब्ध होती चली जा रही है। आज यहां एम्स और मेडिकल कॉलेज, एयरपोर्ट, इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलीटेक्निक कॉलेज, एग्रीकल्चर और डेयरी कॉलेज, फ़ूड क्राफ्ट इंस्टिट्यूट, आर के मिशन जैसी उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान सभी कुछ है, आप पढ़ें, खेलें और जीवन में दौड़ते चले जाएं, मुझे तब खुशी होगी जब हमारे देवघर के बच्चे बड़ी-बड़ी मंजिलें प्राप्त करेंगे, देश और विश्व में नाम कमाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है, भारत अपना भविष्य गढ़ रहा है, देश के सुदूर इलाकों तक विकास पहुंच रही है। आज उनके नेतृत्व में ही ओर विश्व भारत को सम्मान से देख रहा है और भारत को जी-20 का नेतृत्व करने का अवसर मिला है। आइए हम सब मोदी जी के नेतृत्व में आगे बढ़ें। देवघर जितना आगे बढ़ेगा मुझे उतनी खुशी होगी। मुझे बेहद खुशी है कि देवघर के लोगों से मैंने जब भी कुछ मांगा है, किसी कार्यक्रम में सहयोग करने को कहा है, मुझे उम्मीद से ज्यादा आपने दिया है। मैं आप सबका दिल से शुक्रगुजार हूं। आज सांसद खेल महोत्सव के रूप में आयोजित उड़ान-3 रनाथन से मैं काफी प्रशंसित महसूस कर रहा हूं। देवघर की जनता, देवघर के सक्रिय संगठनों से जितना मुझे प्यार मिला है वह काबिलेतारीफ है।