29/06/2024
इक दिन , इक रोज़ मनहूस घड़ी आई और हम 2007 वर्ल्डकप का बांग्लादेश मैच हार गये। कमरे में टीवी लगी हुई थी। चौदह इंच के स्क्रीन पर मैच देखने को कम से कम चालीस पैतालीस बच्चे और बुजुर्ग खड़े थे। सब लोग द्रविड़ को गालियाँ दे रहे थे। आम समझ यही थी कि ऑस्ट्रेलिया से हारते , श्रीलंका से हारते .....अब बांग्लादेश से भी हारोगे?
कट टू 2023।
अहमदाबाद का क्रिकेट ग्राउंड और मैं अपने ऑफिस के कैंटीन में पचास से ऊपर कलीग्स के साथ। रोहित आउट हुआ तो अच्छी ओपनिंग हो चुकी थीं। फिर कोहली पे अपने को भरोसा भी बहुत था। पर वो दिन 140 करोड़ हिंदुस्तानियों का नहीं था तो कोहली का क्या होता। उस दिन न शमी की गेंदों में वो धार दिख रही थी। न बुमराह वो पैनिक फैला रहा था।
क्रिकेट का रणतुंगा , विश्व कप का अजेय , अपराजेय सेनापति रोहित शर्मा बेबस था। चेहरे से उसकी बेचारगी साफ़ झलक रहीं थी। जितना वो बेबस दिखता। उतना उस कैंटीन से लोग निकलते जाते। सिर्फ़ मैं और आठ दस लोग बैठे थे। अपने सामने अपना क़त्ल होते देखने के आदी लोग।
बहुत उदास मन से मैं ये कहते हुए लौट आया कि किसी एक को ही तो जीतना रहता ना।
पर मन में एक कसक भर गई। हम वो टूर्नामेंट हारने वाली टीम नहीं थी। कोई ऐसा मैच नहीं था जिसमें हम सुपीरियर नहीं थे।
कट टू दिस वर्ल्डकप!
कप्तान ने फिर अपना दिग्विजयी अभियान शुरू किया। पाकिस्तान से मैच एक दौरान लोगों ने कहा कि पनौती मोदी के गद्दी पर रहते हम मैच नहीं जीत सकते। पर हम जीत गए। गेंदबाज़ों ने पाकिस्तानीयों बल्लेबाज़ी भेद कर रख दी। बाबर आज़म एक दिन में ही सबसे ज़्यादा गाली खाने वाला पाकिस्तानी बन गया। नॉकआउट में कप्तान ने दो बेहतरीन पारियाँ खेलीं और आज हम फाइनल में थे। आज क्रिकेट के निर्वाचित राजा कोहली का दिन था। उसने सिचुएशनल नॉक खेली। थोड़ा स्लो इनिंग थी। इसलिए गालियाँ भी पड़ रही थी।पर घर चलाने वाला बाप ही जनता है कि घर कैसे चल रहा। फिर अक्षर के ओवर में मेरा विश्वास पहली बार डिगा कि हमलोग हार रहें हैं। फिर आया पण्ड्या , चारों ओर से गालियाँ खाने वाला पण्ड्या। उसने जो कलासेन को टपकाया। मुझे यक़ीन हो गया हम मैच जीत रहे। उस यक़ीन को यथार्थ में बदला सूर्या ने आख़िरी ओवर में कैच पकड़कर। मैंने पटाखा उठाया और घर से निकल पड़ा। हमलोग मैच जीत चुके थे अब मुहल्ला जीतने की बारी थी। ❤️ शर्मा जी लड़का इज लव